“पिरान कलियर से उठी जनसमस्याओं की गूंज, सुराज सेवा दल ने सरकार-प्रशासन को घेरा
आरिफ हिंदुस्तानी उत्तराखंड पिरान कलियर।सुराज सेवा दल की मासिक बैठक पिरान कलियर के बेडपुर चौक स्थित कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने की। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए और क्षेत्रीय व प्रदेश स्तर की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने बैठक में कहा कि प्रदेश की स्थिति दिन-प्रतिदिन बद से बदतर होती जा रही है। आम जनता की समस्याएँ लगातार बढ़ रही हैं लेकिन समाधान के नाम पर केवल आश्वासन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जब भी हम जनता की समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखते हैं, तो अधिकारी हम पर ही आरोप लगाने लगते हैं कि हम सरकारी कामकाज में हस्तक्षेप कर रहे हैं।
रमेश जोशी ने प्रदेश में बाहरी अधिकारियों की तैनाती पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड जैसे संवेदनशील प्रदेश की जड़ें तभी मज़बूत होंगी जब यहाँ की परिस्थितियों और जनता से वाकिफ स्थानीय अधिकारियों को जिम्मेदारी मिले। बाहरी अधिकारियों की तैनाती के कारण प्रदेश की व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर आम जनता की आवाज़ बनें और हर समस्या के समाधान तक संघर्षरत रहें।
इस मौके पर कार्यक्रम की मेजबानी कर रहे इंतज़ार प्रधान ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा—
“हम जनता की आवाज़ हैं और सुराज सेवा दल का लक्ष्य ही जनता को न्याय दिलाना है। आज पिरान कलियर ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश की जनता पानी, बिजली, सड़क, बेरोज़गारी और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है। लेकिन अफसोस की बात यह है कि सरकार और प्रशासन केवल आंकड़ों और कागज़ी कार्यवाही में उलझा हुआ है। जब जनता का प्रतिनिधि जनता की समस्या उठाता है तो उस पर ही आरोप मढ़ दिए जाते हैं। यह लोकतंत्र के लिए बेहद चिंताजनक स्थिति है।”
इंतज़ार प्रधान ने आगे कहा कि अगर समय रहते प्रदेश की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो सुराज सेवा दल जनहित में सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गाँव-गाँव, मोहल्ला-मोहल्ला जाकर लोगों की समस्याओं को सामने लाएँ और मिलकर उनके समाधान के लिए संघर्ष करें।
बैठक में क्षेत्र के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने अपनी बात रखी और संगठन की मज़बूती के लिए संकल्प लिया।