रुड़की-खंजरपुर में निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर, 400 से अधिक लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण

इस ख़बर को सुने

आरिफ हिंदुस्तानी                   

 उत्तराखंड रुड़की ग्राम खंजरपुर में श्री महंत इंद्रेश हॉस्पिटल देहरादून द्वारा राष्ट्रीय यूथ ब्रिगेड के सहयोग से निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर एवं ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ श्री महंत इंद्रेश हॉस्पिटल देहरादून के ब्रांड एंबेसडर श्री सुमित प्रजापति एवं ग्रामवासी श्री असलम ठेकेदार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

स्वास्थ्य शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। हड्डी रोग विशेषज्ञ, जनरल फिजिशियन, नेत्र रोग विशेषज्ञ तथा नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ द्वारा बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में मरीजों को निःशुल्क दवाइयां, निःशुल्क ब्लड जांच, निःशुल्क ईसीजी सहित अन्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

शिविर में क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और करीब 400 से अधिक लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ शिविर में रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक किया गया तथा रक्तदान के महत्व की जानकारी भी दी गई।

असलम ठेकेदार ने जताया आभार

शिविर के दौरान असलम ठेकेदार ने कहा कि ग्राम खंजरपुर में इस प्रकार के स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन क्षेत्रवासियों के लिए महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने श्री महंत इंद्रेश हॉस्पिटल देहरादून एवं राष्ट्रीय यूथ ब्रिगेड का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके गांव में ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराना सराहनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से लोगों को समय पर अपने स्वास्थ्य की जांच कराने के लिए प्रेरणा मिलती है।

डॉ. तय्यब हुसैन ने किया रक्तदान के लिए प्रेरित

शिविर के आयोजक डॉ. तय्यब हुसैन ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक ऐसा कार्य है, जिसके माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने में मदद मिल सकती है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से रक्तदान के प्रति जागरूक होने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

सुमित प्रजापति ने नेत्रदान के प्रति किया जागरूक

श्री महंत इंद्रेश हॉस्पिटल देहरादून के ब्रांड एंबेसडर श्री सुमित प्रजापति ने आंखों की देखभाल और नेत्रदान के महत्व पर लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि समय रहते आंखों की जांच और उचित उपचार बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से नेत्रदान के प्रति जागरूक होने की अपील करते हुए कहा कि नेत्रदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में रोशनी लाने का माध्यम बन सकता है।

चिकित्सकों ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की दी सलाह

डॉ. मौ. सुहेब ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय रहते चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नियमित जांच से कई स्वास्थ्य समस्याओं का समय रहते पता लगाया जा सकता है और उनका उचित उपचार संभव है।

वहीं डॉ. इमरान अली ने भी लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह देते हुए कहा कि खान-पान, दिनचर्या और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने शिविर में पहुंचे लोगों को उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बारे में आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।

शिविर के सफल आयोजन में राष्ट्रीय यूथ ब्रिगेड के पदाधिकारियों व सदस्यों एवं स्थानीय लोगों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। आयोजकों ने शिविर में पहुंचे सभी लोगों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी क्षेत्र में जनहित एवं स्वास्थ्य से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *