कलियर प्रेस क्लब का हुआ विस्तार, तीन सदस्यों को मिली अहम जिम्मेदारियां

इस ख़बर को सुने
  • आरिफ हिंदुस्तानी

उत्तराखंड -रुड़की -कलियर। कलियर प्रेस क्लब की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को आयोजित की गई। बैठक में पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न विषयों के साथ क्षेत्र की जनसमस्याओं, जनहित के मुद्दों और पत्रकारों की सामाजिक जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के साथ-साथ सदस्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान संगठन के कार्यों को व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से क्लब के सदस्य डॉ. मौ. उस्मान, मुहम्मद मुस्लिम और मौ. आरिफ हिंदुस्तानी को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। डॉ. मौ. उस्मान को संगठन मंत्री, मुहम्मद मुस्लिम को सोशल मीडिया प्रभारी तथा मौ. आरिफ हिंदुस्तानी को अनुशासन प्रभारी बनाया गया।
कलियर प्रेस क्लब के अध्यक्ष पंडित जावेद साबिर ने कहा कि पत्रकारिता समाज की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। पत्रकारों का दायित्व केवल समाचार प्रकाशित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि आम जनता से जुड़े मुद्दों और समस्याओं को निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ सामने लाना भी पत्रकारिता का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि क्लब का उद्देश्य पत्रकारिता की गरिमा और विश्वसनीयता को बनाए रखते हुए जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाना है। सभी सदस्य आपसी भाईचारे और समन्वय के साथ कार्य करें तथा निष्पक्ष एवं तथ्यपरक पत्रकारिता को प्राथमिकता दें।
महामंत्री जावेद अंसारी ने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत उसके पदों में नहीं, बल्कि सदस्यों की एकजुटता, सक्रियता और जिम्मेदारी से कार्य करने की भावना में होती है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और प्रशासनिक व्यवस्थाओं से जुड़े कई जनमुद्दे हैं, जिन्हें पत्रकारों को प्रमुखता से सामने लाना चाहिए।
सचिव असलम साबरी ने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती के लिए अनुशासन, आपसी सहयोग और एकजुटता बेहद जरूरी है। नई जिम्मेदारियां संगठन के कार्यों को और बेहतर तरीके से संचालित करने में सहायक होंगी। उन्होंने सभी सदस्यों से आपसी समन्वय के साथ संगठन की गरिमा बनाए रखने का आह्वान किया।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने तथा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने पर सहमति जताई।
बैठक में अध्यक्ष पंडित जावेद साबिर, उपाध्यक्ष सर्वर सिद्दीकी, महामंत्री जावेद अंसारी, सचिव असलम साबरी, कोषाध्यक्ष नोशाद अली, संगठन मंत्री डॉ. मौ. उस्मान, सोशल मीडिया प्रभारी मुहम्मद मुस्लिम, अनुशासन प्रभारी मौ. आरिफ हिंदुस्तानी, दिलदार अब्बासी और अर्सलान अली सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *